समय की सुइयाँ और भविष्य का ज़हर: एक शांत संकट
— सौजन्य से: अतुल्य गंगा ट्रस्ट
समय की रफ़्तार और हमारी बेरुखी
जब तक हमारे घर की दीवार पर टंगी घड़ी चलती है, वह हमें समय की अहमियत समझाती रहती है। हम अपनी ज़िंदगी को उसी रफ़्तार से आगे बढ़ाते हैं, जिस रफ़्तार से घड़ी की सुइयाँ चलती हैं। हमारे बच्चों के खिलौने, रिमोट, वॉच और लैपटॉप—ये सब बैटरियों के दम पर हमें सुविधा और रफ़्तार देते हैं। मगर जिस दिन घड़ी बंद हो जाती है, हमारा नज़रिया बदल जाता है। हम उस घड़ी को उतारते हैं, उसका सेल (बैटरी) निकालते हैं और उसे 'कूड़ा' समझकर खुले में या कचरे के डिब्बे में फेंक देते हैं। घड़ी रुकते ही हम उस छोटे से सेल की अहमियत भूल जाते हैं।
2. जब सेल हमारा भविष्य लिखना शुरू करता है
पर याद रखें, वो छोटा सा सेल कचरे में जाकर शांत नहीं बैठता। वो चुपचाप हमारे आने वाले कल की डरावनी कहानी लिखना शुरू कर देता है। जैसा व्यवहार हमने उस सेल के साथ किया (उसे बेसहारा कचरे में फेंक दिया), वो भी हमारे साथ बहुत धीरे-धीरे वैसा ही करता है। यह एक ऐसा धीमा ज़हर है जो आने वाली पीढ़ी के भविष्य को धुंधला कर रहा है।
3. सेल के अंदर का ज़हर: 5 मुख्य विलेन और उनका सीधा असर हम जिसे एक मामूली सेल समझते हैं, उसके अंदर भारी मात्रा में खतरनाक रसायन और भारी धातुएं (Heavy Metals) होती हैं, जो प्रकृति और मानव जीवन पर सीधा प्रहार करती हैं: 1. पारा (Mercury) — दिमाग पर हमला: पानी के रास्ते शरीर में पहुँचकर यह सीधे हमारे मस्तिष्क और नर्वस सिस्टम को नुकसान पहुँचाता है। इससे बच्चों का मानसिक विकास रुक सकता है।
2. कैडमियम (Cadmium) — किडनी फेलियर: यह रिचार्जेबल बैटरियों में होता है। यह एक खतरनाक कैंसरकारी तत्व है, जो किडनी को पूरी तरह खराब कर देता है और हड्डियों को बेहद कमज़ोर बना देता है।
3. लेड/सीसा (Lead) — खून की कमी और कम IQ: यह शरीर में खून की भारी कमी (Anemia) पैदा करता है। बच्चों में यह आईक्यू (IQ) लेवल को कम करता है और बड़ों में दिल की बीमारियां बढ़ाता है।
4. लिथियम (Lithium) — ज़हरीली हवा और पानी: खिलौनों और घड़ी के बटन सेल में प्रयुक्त यह तत्व कचरे में जलने पर दमघोटू गैसें छोड़ता है और रिसकर भूजल को ज़हरीला बनाता है।
5. तेजाब/एसिड (Acid) — बंजर ज़मीन: सेल के लीक होते ही यह तेजाब मिट्टी को पूरी तरह एसिडिक (अम्लीय) बना देता है, जिससे ज़मीन की उपजाऊ शक्ति हमेशा के लिए खत्म हो जाती है।
6. नदियों और जलीय जीवों पर क्रूर वार अतुल्य गंगा ट्रस्ट हमेशा से हमारी नदियों और उनके अस्तित्व को बचाने के लिए संकल्पित रहा है। जब यह ई-कचरा खुले मैदानों से बहकर नदियों और जल स्रोतों में जाता है, तो पानी को पूरी तरह दूषित कर देता है। एक छोटा सा बटन सेल भी हज़ारों लीटर पीने के साफ़ पानी को ज़हरीला बना सकता है। इसका सबसे पहला शिकार पानी के बेज़ुबान जीव बनते हैं। मछलियाँ और कछुए तड़प-तड़प कर दम तोड़ देते हैं। जब कोई पक्षी या अन्य जीव इन संक्रमित मछलियों को खाता है, तो यह ज़हरीला चक्र पूरी खाद्य श्रृंखला (Food Chain) को तबाह कर देता है और अंत में घूमकर हमारे भोजन तक पहुँच जाता है।
7. समाधान: समय है... खुद को बदलो, सबको बदलो! यदि हम आज नहीं सुधरे, तो आने वाली पीढ़ी के पास पीने के लिए साफ़ पानी और जीने के लिए साफ़ हवा नहीं बचेगी। समाधान बहुत आसान है और इसकी शुरुआत हमारे घर से हो सकती है: घर में बनाएं 'बैटरी बैंक': घर में प्लास्टिक का एक पुराना डिब्बा लें, उस पर 'बैटरी बैंक' लिखें। घर के सभी इस्तेमाल किए हुए सेल सिर्फ उसी में जमा करें। ई-कचरा कलेक्शन सेंटर: जब वह डिब्बा भर जाए, तो उसे आम कचरे के साथ बाहर न फेंकें। उसे अपने शहर के नजदीकी ई-कचरा (E-Waste) रीसाइक्लिंग केंद्र में सौंपें। जागरूकता फैलाएं: इस संदेश को जन-जन तक पहुँचाएँ।
रोहित , शुभकामनाएँ!